भोपाल में मध्य प्रदेश की पहली ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 23 नवंबर को मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) के विज्ञान भवन में डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के नाम पर स्थापित इस प्रयोगशाला का उद्घाटन किया.
प्रयोगशाला में मिट्टी, तलछट, खनिज और पुरातात्विक स्थलों से मिले नमूनों की उम्र का वैज्ञानिक आकलन किया जा सकेगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां करीब 10 लाख साल तक पुराने नमूनों की काल-निर्धारण जांच संभव होगी. ल्यूमिनेसेंस तकनीक से यह पता लगाया जाता है कि खनिज कण आखिरी बार कब सूर्य के प्रकाश या गर्मी के संपर्क में आए थे.
इस सुविधा से प्राचीन मानव गतिविधियों, पुरातात्विक स्थलों, पुराने पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन पर शोध को मदद मिलने की उम्मीद है. नमूनों की जांच अंधेरे वातावरण में हल्की लाल रोशनी के बीच की जाती है, ताकि परीक्षण प्रक्रिया प्रभावित न हो.
उद्घाटन के साथ डॉ. वाकणकर गैलरी भी शुरू की गई. इसमें उनके जीवन और शोध से जुड़ी सामग्री, पुस्तकों, चित्रों तथा पत्थर के औजारों को प्रदर्शित किया गया है. कार्यक्रम में वैज्ञानिक विधियों से कालगणना पर राष्ट्रीय कार्यशाला और ‘महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी हुआ.
