भोपाल के मालीखेड़ी इलाके में सोमवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया. परिवार की मां, पत्नी और दो बच्चों के शव किराए के घर में मिले, जबकि परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू (35) का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिला. पुलिस शुरुआती जांच में आशंका जता रही है कि नरेंद्र ने घर में वारदात के बाद ट्रेन के सामने आकर जान दी होगी. इस आशंका की अभी जांच चल रही है.

मालीखेड़ी की पीएमएवाई एलआईजी कॉलोनी के एलआईजी-B4 मकान में सरस्वती साहू (50), सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के शव मिले. पुलिस के मुताबिक, शवों पर सिर और गले पर चोट के निशान थे. शुरुआती जांच में दो शव बिस्तर पर मिलने की बात सामने आई है. पुलिस घटना के समय और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है.

रिश्तेदार के पहुंचने पर खुला मामला

सोमवार सुबह नरेंद्र की मौत की सूचना एक रिश्तेदार को मिली. वह मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला. फोन पर भी परिवार से संपर्क नहीं हो सका. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो चार लोगों के शव मिले.

एसीपी निशातपुरा शशांक जैन के अनुसार, पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में नरेंद्र सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच घर से निकलता दिखाई दे रहा है. इससे पुलिस को आशंका है कि घटना सुबह के समय हुई हो सकती है.

कर्ज और बंद रेस्टोरेंट के पहलू की जांच

डीसीपी आदर्श कांत शुक्ला ने बताया कि शुरुआती जांच में नरेंद्र पर कर्ज का दबाव और मानसिक तनाव होने की जानकारी सामने आई है. परिवार का छोटा रेस्टोरेंट कुछ समय पहले बंद हो गया था और नरेंद्र पिछले 15 से 20 दिनों से काम नहीं कर रहा था. पुलिस यह पता लगा रही है कि आर्थिक परेशानी का घटना से कोई संबंध था या नहीं.

परिवार पिछले साल सितंबर से इस मकान में किराए पर रह रहा था. मकान मालिक के मुताबिक, घर सोमलता साहू को 5,000 रुपये मासिक किराए पर दिया गया था. पड़ोसियों ने परिवार को सामान्य और मिलनसार बताया तथा किसी विवाद की जानकारी से इनकार किया. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.