भोपाल के भविष्य के विकास को दिशा देने वाली विकास योजना-2047 का प्रारूप जारी कर दिया गया है. प्रस्तावित योजना में करीब 1,016.90 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र और 254 गांवों को शामिल किया गया है. इसे लगभग 45 लाख की अनुमानित आबादी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.

योजना में क्या प्रस्तावित है

मास्टर प्लान में 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर का प्रस्ताव है. इसके जरिए शहर के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने की योजना है. करीब 3,000 हेक्टेयर क्षेत्र आर्थिक विकास से जुड़ी गतिविधियों के लिए निर्धारित किए जाने का प्रस्ताव है.

प्रारूप में हरित क्षेत्र का हिस्सा मौजूदा 16 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने, पर्यावरण-संवेदनशील नियोजन और मिश्रित भूमि उपयोग पर जोर दिया गया है. परिवहन व्यवस्था में BRTS को मजबूत करने और भविष्य में MRTS की संभावनाओं के साथ Transit-Oriented Development का प्रस्ताव भी शामिल है.

योजना में रोजगार, निवेश, पार्किंग, नागरिक सुविधाओं और महानगरीय स्तर पर समन्वित विकास को प्राथमिकता दी गई है. प्रारूप प्रकाशित होने के बाद जनता से दावे, आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे. अंतिम योजना इन प्रक्रियाओं और सरकारी मंजूरी के बाद अधिसूचित होगी.