भोपाल विकास योजना-2047 के ड्राफ्ट पर दावा-आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा समाप्त होने के बाद करीब 10 हजार आपत्तियां सामने आई हैं. अब नगर तथा ग्राम निवेश विभाग इन आपत्तियों की छंटनी कर उन्हें समिति के समक्ष सुनवाई के लिए रखेगा. इसके बाद योजना में संभावित बदलावों पर निर्णय लिया जाएगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 60 प्रतिशत आपत्तियां भोजताल इन्फ्लुएंस जोन-2 यानी बड़े तालाब, केरवा और कलियासोत जलाशयों के कैचमेंट क्षेत्रों से जुड़ी हैं. 78 गांवों के किसानों ने कृषि भूमि को रिवरफ्रंट, वन, ग्रीन बेल्ट और अन्य आरक्षित श्रेणियों में शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई है.
किसानों के अलावा व्यापारियों ने मौजूदा व्यावसायिक गतिविधियों को जारी रखने, भू-उपयोग नियमों, एफएआर और कन्वर्जन शुल्क में राहत की मांग की है. मिसरोद के रहवासियों ने आवासीय क्षेत्र से गुजरने वाली प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क का विरोध किया है.
विभागीय स्तर पर आपत्तियों की जांच के बाद समिति सुनवाई करेगी. अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया में दो सप्ताह से अधिक समय लग सकता है.
