मध्य प्रदेश सरकार ने चार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले किए हैं. आदेश के तहत जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का नया आयुक्त नियुक्त किया गया है. उन्हें मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड, भोपाल के अपर प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
अहिरवार 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं. वे इससे पहले जबलपुर नगर निगम आयुक्त के पद पर कार्यरत थे. उनके स्थान पर छिंदवाड़ा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अग्रिम कुमार को जबलपुर नगर निगम आयुक्त बनाया गया है.
भोपाल नगर निगम की पूर्व आयुक्त संस्कृति जैन को मध्य प्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव पदस्थ किया गया है. वह नगर निगम आयुक्त के साथ मेट्रो रेल कंपनी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रही थीं.
इसके अलावा भोपाल स्मार्ट सिटी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंजू अरुण कुमार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में उप सचिव बनाया गया है. यह प्रशासनिक फेरबदल सामान्य प्रशासन विभाग के 18 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के बाद हुआ.
