भोपाल की एक अदालत ने रिटायर्ड IAS अधिकारी रमेश एस. थेटे को ₹11.50 लाख के चेक बाउंस मामले में जमानत दे दी. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कल्पना कोतवाल की अदालत ने उन्हें 10 हजार रुपये के बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया.
थेटे को भोपाल के एमपी नगर थाने की पुलिस ने 28 अक्टूबर को नागपुर के मनीष नगर इलाके से गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी में नागपुर की बेलतरोड़ी पुलिस ने सहयोग किया. इसके बाद उन्हें भोपाल लाकर अदालत में पेश किया गया.
मामले में शिकायतकर्ता प्रदीप रामटेके का आरोप है कि थेटे ने उनसे 11.50 लाख रुपये उधार लिए थे और रकम लौटाने के लिए चेक दिया था. बैंक में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस होने के बाद अदालत में परिवाद दायर किया गया.
सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने पर अदालत ने पहले गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे. 23 मार्च 2026 के आदेश के बाद उन्हें फरार घोषित कर स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. थेटे ने अदालत से कहा कि उनके पास जमानतदार की व्यवस्था नहीं है और उन्हें निजी मुचलके पर रिहा किया जाए.
