भोपाल के वैशाली नगर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर चिंता बढ़ गई है. दो जांच रिपोर्टों में इलाके के नल के पानी में E. coli बैक्टीरिया मिलने की बात सामने आई है. रिपोर्टों के अनुसार, इसके बाद करीब 200 परिवारों ने पीने और खाना बनाने के लिए नल के पानी का इस्तेमाल बंद कर दिया है.
दो नमूनों में बैक्टीरिया मिलने का दावा
स्थानीय निवासी विवेक राय ने पानी की गुणवत्ता को लेकर शिकायतों के बाद नमूने जांच के लिए मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्टेट रिसर्च लैब में भेजे. 28 अक्टूबर की रिपोर्ट में 100 मिलीलीटर पानी में E. coli की मात्रा 660 MPN और टर्बिडिटी 5.9 NTU दर्ज होने की बात कही गई है. 12 नवंबर को लिए गए दूसरे नमूने की 13 नवंबर को आई रिपोर्ट में E. coli की मात्रा 350 MPN बताई गई.
रहवासियों को आशंका है कि पास की सीवेज लाइन में रिसाव या चैंबर के ओवरफ्लो से गंदा पानी पेयजल लाइन में मिल रहा है. इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
इलाके के परिवार फिलहाल बोतलबंद पानी खरीदकर काम चला रहे हैं. मामले ने नगर निगम की जल-जांच और सप्लाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय स्तर पर पानी के नमूनों की दोबारा जांच और प्रभावित क्षेत्र में सप्लाई लाइन की जांच की मांग उठ रही है.
