मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर में प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद पाड़ों की टक्कर का आयोजन किए जाने का मामला सामने आया है. सूखी नदी के किनारे हुए इस कार्यक्रम में करीब 50 जोड़ी पाड़ों को आमने-सामने भिड़ाया गया. आयोजन देखने के लिए हजारों लोग जुटे.

बताया जाता है कि शाहपुर में पाड़ों की टक्कर कराने की परंपरा करीब 200 साल पुरानी है. हर साल दूर-दराज के इलाकों से लोग इसे देखने पहुंचते हैं. मुकाबले में जीतने वाले पाड़े के मालिक को मेला समिति की ओर से इनाम देकर सम्मानित किए जाने की बात कही गई है.

कलेक्टर के आदेश के बावजूद आयोजन

पशु क्रूरता निवारण नियमों और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने इस तरह के आयोजन पर प्रतिबंध और कार्रवाई के आदेश जारी किए थे. इसके बावजूद शाहपुर में कार्यक्रम आयोजित हुआ.

मामला सामने आने के बाद शाहपुर पुलिस ने मेला समिति के अध्यक्ष समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के अनुसार, पुलिस पाड़ों के मालिकों की सूची तैयार कर रही है. पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है.

घटना ने प्रशासनिक आदेशों के पालन और इतने बड़े आयोजन की निगरानी को लेकर सवाल खड़े किए हैं.