देवास जिले में अवैध शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की आयशर वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई. गंभीर रूप से घायल पुरी को अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक CPR और इलाज के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका.

पुलिस के मुताबिक, नेमावर पुलिस भी आयशर वाहन का पीछा कर रही थी. वाहन हाईवे पर डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला. थाना प्रभारी ने चालक को बाहर आने के लिए कहा. इसी दौरान चालक ने आयशर को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की. इस दौरान वाहन का पिछला पहिया पुरी के ऊपर से गुजर गया. उन्हें शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया.

संदलपुर में वाहन छोड़कर भागा चालक

घटना के बाद चालक आयशर को डिवाइडर के दूसरी ओर ले गया और संदलपुर में छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को संदलपुर थाने में खड़ा कराया है. चालक की तलाश की जा रही है. खबर मिलने के बाद देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे खातेगांव पहुंचे. पुरी का परिवार भी वहां पहुंच गया.

इस घटना के बीच देवास के चंदाना और बिंजाना गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब से मौतों का मामला भी चर्चा में है. ग्रामीणों ने 20 दिन के भीतर 13 से ज्यादा लोगों की मौत का दावा किया था. कुछ लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात भी सामने आई थी. इन घटनाओं के बाद देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किए जाने और देवास-सागर के कलेक्टर-एसपी बदले जाने की जानकारी सामने आई थी.