मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार, 25 अक्टूबर की देर रात हुए सड़क हादसे में चार युवकों की जलकर मौत हो गई. हादसा सादलपुर थाना क्षेत्र में संगेशरा गांव के पास लेबड़-नयागांव फोरलेन पर हुआ. कार में पांच युवक सवार थे.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे कार अनियंत्रित होकर पुलिया के पास नीचे जा गिरी और उसमें आग लग गई. कुछ रिपोर्ट्स में हादसे की शुरुआती वजह टायर फटने को बताया गया है, जबकि अन्य रिपोर्ट्स में कार के पुलिया के डिवाइडर से टकराने का उल्लेख है. दुर्घटना के कारणों की पुलिस जांच कर रही है.

आग की लपटें तेज होने के कारण कार में फंसे चार युवकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. एक युवक बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है.

मृतकों की पहचान भीम, चेतन, आदित्य और अभिषेक के रूप में हुई है. बताया गया है कि पांचों युवक राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे. पुलिस और दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.