मध्य प्रदेश के धार जिले के सरदारपुर में 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नर्मदा-झाबुआ-पेटलावद-थांदला-सरदारपुर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे. 2,387.60 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से धार और झाबुआ जिलों के 260 गांवों की 57,422 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा देने का लक्ष्य है.
परियोजना के तहत धार जिले की सरदारपुर तहसील के 66 गांवों की 25,422 हेक्टेयर जमीन को लाभ मिलेगा. झाबुआ जिले के 194 गांवों की 32,000 हेक्टेयर कृषि भूमि को भी इसमें शामिल किया गया है. झाबुआ जिले में झाबुआ, पेटलावद, मेघनगर, थांदला, रामा और राणापुर तहसीलों के गांव परियोजना से जुड़े हैं.
योजना के लिए धार जिले की कुक्षी तहसील के चंदनखेड़ी गांव के पास नर्मदा नदी से पानी उठाया जाएगा. पानी भूमिगत पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाने की व्यवस्था है. परियोजना में दबावयुक्त जल उपलब्ध कराने का प्रावधान है, जिससे किसान ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सिंचाई पद्धतियों का इस्तेमाल कर सकेंगे. परियोजना के संचालन के लिए 102.30 मेगावाट बिजली की आवश्यकता बताई गई है.
