मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में एक युवक की मौत देशी बम के मुंह में फटने से हो गई. पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर की रात पड़रिया छांटा गांव में 35 वर्षीय राजेंद्र बरौतिया अपने घर के आंगन में परिवार के साथ बैठा था. इसी दौरान उसका पड़ोसी रामभगत वहां पहुंचा और बातचीत के दौरान उसे एक गोल वस्तु रसगुल्ला बताकर दी.

राजेंद्र ने उसे मुंह में रखकर जैसे ही चबाया, विस्फोट हो गया. धमाके में उसके मुंह और जबड़े में गंभीर चोटें आईं. परिजन उसे ऑटो-रिक्शा से डिंडौरी जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पुलिस ने रामभगत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है. पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसे यह देशी बम धर्मू नामक व्यक्ति ने दिया था. पुलिस विस्फोटक के स्रोत, घटना की परिस्थितियों और आरोपी की मंशा की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के कच्चे विस्फोटक कुछ इलाकों में जंगली सूअर मारने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं.