ग्वालियर के यूनिवर्सिटी थाना क्षेत्र में महिलाओं से दोस्ती कर कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड करने का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी योगेश गुप्ता के मोबाइल फोन की जांच में 40 से ज्यादा महिलाओं के वीडियो मिले हैं. झांसी की रहने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी सिटी सेंटर स्थित न्यू सारिका विहार का निवासी है. आरोप है कि वह पहले महिलाओं से दोस्ती करता था और इसके बाद उनके साथ नजदीकी बढ़ाकर शारीरिक संबंध बनाता था. इसी दौरान वीडियो रिकॉर्ड किए जाने की बात शिकायत में कही गई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने मामले की जानकारी कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को दी थी. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पकड़कर यूनिवर्सिटी थाना पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें बड़ी संख्या में वीडियो मिलने की बात सामने आई.

झांसी की महिला की शिकायत पर कार्रवाई

रिपोर्ट के अनुसार, महिला रात करीब 12:10 बजे ग्वालियर पहुंची और यूनिवर्सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने उसकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने के बाद मोबाइल में मिले वीडियो की पड़ताल शुरू की है.

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो में दिख रही महिलाएं कौन हैं और रिकॉर्डिंग किन परिस्थितियों में की गई. पुलिस अन्य महिलाओं से भी संपर्क करने का प्रयास कर रही है.

जांच में इस आरोप की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या वीडियो के जरिए किसी महिला को डराया गया या वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाया गया था. पुलिस ने अभी इस पहलू पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के समर्थन में कुछ लोग थाने पहुंचे और समझौते का दबाव बनाने की कोशिश का आरोप है. पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी.