मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को रविवार तड़के एक बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया. हादसे में 12 लोगों की मौत हुई है. अधिकारियों के अनुसार, कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें पांच से छह घायलों की हालत गंभीर बताई गई है.

पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 1:30 बजे छिनोर की ओर से आने वाली सड़क पर हुई. धान से लदा ट्रक भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित ढलान वाले मार्ग पर पहुंचा और नियंत्रण खो बैठा. वाहन ने पुलिस बैरिकेड और चेकपॉइंट तोड़ दिए, जिसके बाद सड़क पर मौजूद श्रद्धालु उसकी चपेट में आ गए.

ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकराकर रुका. हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के अनुसार, राहत के लिए एंबुलेंस और अन्य वाहन तुरंत मौके पर भेजे गए. ट्रक उस प्रतिबंधित मार्ग तक कैसे पहुंचा और वाहन में कोई तकनीकी खराबी थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. आरटीओ की टीम ट्रक की यांत्रिक जांच कर रही है.