केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं. उनके निर्वाचन के बाद राज्य की 11 राज्यसभा सीटों में भाजपा के 10 और कांग्रेस का एक सदस्य हो गया है. इससे पहले भाजपा के पास 9 और कांग्रेस के पास 2 सीटें थीं.

कांग्रेस विधायक और उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा कि पार्टी चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर करेगी. उनके मुताबिक, पार्टी की कानूनी टीम इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी.

मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के 14 अक्टूबर को राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी. इसके बाद निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू की. भाजपा ने 28 अक्टूबर को पुरी को उम्मीदवार घोषित किया था. पुरी ने 31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और अन्य नेताओं की मौजूदगी में विधानसभा पहुंचकर नामांकन दाखिल किया था.

शपथपत्र और विदेशी संपत्तियों पर कांग्रेस की आपत्तियां

कांग्रेस ने पुरी के शपथपत्र और नामांकन दस्तावेजों में 100 से ज्यादा कमियां होने का दावा किया था. आपत्तियों में शपथपत्र में पत्नी के नाम का उल्लेख, विदेशी संपत्तियों का अमेरिकी डॉलर और स्विस फ्रैंक में विवरण, जेनेवा स्थित संपत्ति और विदेशी बैंक खातों की जानकारी शामिल थी. नोटरी सत्यापन और शपथपत्र प्रमाणित करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए गए थे.

रिटर्निंग ऑफिसर उमेश कुमार शर्मा ने पुरी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया. दस्तावेजों की जांच के बाद सभी आपत्तियां खारिज कर दी गईं. निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन नहीं मिला.

दो निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे खारिज

कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी का नामांकन अनिवार्य फॉर्म-26 शपथपत्र संलग्न नहीं होने के कारण खारिज हुआ. अतिरिक्त समय की उनकी मांग भी स्वीकार नहीं की गई. दूसरे निर्दलीय उम्मीदवार कांते सायन्ना का पर्चा अधूरी जानकारी के कारण निरस्त कर दिया गया. इसके बाद पुरी अकेले वैध प्रत्याशी रह गए.