मध्य प्रदेश के इंदौर में एक कारोबारी से 10 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, लसूड़िया थाना क्षेत्र के निवासी कारोबारी ने शिकायत में बताया कि उसे पिछले कुछ दिनों से लगातार फोन और वॉइस मैसेज मिल रहे थे.
शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाले ने खुद को सागर सिंह शेखावत बताया और रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा होने का दावा किया. आरोपी ने 10 करोड़ रुपये नहीं देने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के अनुसार, कारोबारी की शिकायत पर क्राइम ब्रांच थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस कॉल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है.
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में गोदारा गिरोह से जुड़ा है या केवल उसके नाम का इस्तेमाल कर रहा है. पुलिस ने आरोपी की पहचान और उसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है.
