इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के अंतिम दिन सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि आरक्षण का उपयोग समाजहित में होना चाहिए और जिन वर्गों को इसकी वास्तविक आवश्यकता है, उन्हें इसका लाभ मिलना चाहिए.

होसबाले ने मतदाता सूचियों के समय-समय पर पुनरीक्षण को भी जरूरी बताया. उन्होंने कहा कि सूचियों में मृत लोगों के नाम, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम और पुराने पते पर दर्ज प्रविष्टियां हो सकती हैं. ऐसे नामों को हटाकर पात्र नागरिकों को शामिल करना आवश्यक है.

उन्होंने कहा कि यदि किसी गैर-भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो यह चुनावी व्यवस्था के साथ-साथ आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा विषय भी है. उनके अनुसार, मतदाता सूची का पुनरीक्षण किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष का मुद्दा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाने की प्रक्रिया है.

होसबाले ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया को राजनीतिक एजेंडा बनाने के बजाय निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था के लिए सहयोग करें.