इंदौर में कन्या भोज के लिए घर बुलायी गईं सात बच्चियों से कथित मारपीट और उन्हें कमरे में बंद रखने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, बच्चियों को 500 रुपये चोरी करने के शक में रोका गया था.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के मुताबिक, MIG थाना क्षेत्र में रहने वाली रिटायर्ड शिक्षिका ने नवरात्रि के अवसर पर 8 से 11 वर्ष की उम्र की सात बच्चियों को भोज के लिए बुलाया था. समारोह के दौरान 500 रुपये वाला एक लिफाफा गायब हो गया. इसके बाद बच्चियों पर चोरी का शक जताते हुए उन्हें घर से बाहर जाने नहीं दिया गया और उनके साथ मारपीट किए जाने की शिकायत मिली.
परिजन की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127 के तहत गलत तरीके से बंधक बनाने और धारा 115 के तहत मारपीट का मामला दर्ज किया है. पुलिस CCTV फुटेज और घटनास्थल के आसपास मौजूद स्वतंत्र गवाहों के बयान के आधार पर जांच कर रही है.
बच्चियों के कपड़े उतरवाकर तलाशी लेने के आरोप भी सामने आए हैं, लेकिन पुलिस अधिकारी ने कहा कि FIR में इस संबंध में कोई उल्लेख नहीं है. आरोपी महिला ने आरोपों से इनकार किया है.
