इंदौर में रविवार, 29 नवंबर को ‘वन इंदौर रन इंदौर’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम दशहरा मैदान से शुरू होगा, जिसमें करीब 25 हजार धावकों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है. आयोजकों के अनुसार, अब तक 15 हजार से अधिक लोग पंजीयन करा चुके हैं.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैराथन के शुभारंभ से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे. आयोजन का नेतृत्व महापौर पुष्यमित्र भार्गव कर रहे हैं. यह कार्यक्रम ‘यूनाइटेड इंदौर’ के बैनर तले लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया जा रहा है.

मैराथन में 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 3 किलोमीटर की दौड़ शामिल है. 3 किलोमीटर की श्रेणी फैमिली रन के रूप में रखी गई है, जबकि 10 किलोमीटर की दौड़ में अनुभवी और पेशेवर धावकों के शामिल होने की संभावना है.

आयोजन के दौरान जुम्बा समेत अन्य फिटनेस गतिविधियां भी होंगी. 10 किलोमीटर दौड़ के विजेता को 15 हजार रुपये और उपविजेता को 10 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा. प्रतिभागियों के लिए मेडिकल सहायता, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है.