इंदौर के डेली कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक सोमवार से शुरू हुई. बैठक 4 नवंबर तक चलेगी. इसमें संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सभी छह सह सरकार्यवाह और देशभर से करीब 408 प्रमुख पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं.

बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ संगठन विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी. अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर के अनुसार, 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के संघचालक, सह संघचालक, कार्यवाह, सह कार्यवाह, प्रचारक और सह प्रचारक इसमें हिस्सा ले रहे हैं. अंतिम दिन अलग-अलग विषयों पर विस्तृत जानकारी और आंकड़े साझा किए जाएंगे.

शाखाओं और सम्मेलनों के आंकड़ों की समीक्षा

आंबेकर ने बताया कि देशभर में RSS की दैनिक शाखाओं की संख्या बढ़कर 1,01,151 हो गई है. साप्ताहिक और मासिक मिलन को मिलाकर संघ का काम अब 1,10,849 स्थानों तक पहुंच गया है. पिछले साल अक्टूबर की तुलना में शताब्दी वर्ष के दौरान 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं जुड़ने की जानकारी दी गई है.

शताब्दी वर्ष में देशभर में 65,660 हिंदू सम्मेलनों के आयोजन का भी उल्लेख किया गया. ये सम्मेलन शहरों में बस्ती स्तर पर और ग्रामीण क्षेत्रों में मंडल स्तर पर आयोजित किए गए. बैठक में इन आयोजनों से मिले अनुभव, सामाजिक सहभागिता और शाखाओं से जुड़ने की लोगों की इच्छा की समीक्षा की जाएगी.

युवाओं, महिलाओं और सामाजिक अभियानों पर चर्चा

महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए नए कार्यक्रमों पर विचार होगा. शहरों, गांवों और कॉलेज परिसरों में युवाओं के लिए किए गए कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी. नशीली दवाओं से युवाओं को दूर रखने के लिए सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा एजेंडे में शामिल है.

संघ के ‘पंच परिवर्तन’ के पांच विषय—सामाजिक समरसता, पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली, कुटुंब प्रबोधन, स्व का भाव और नागरिक कर्तव्य—भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में हैं. इनके आधार पर आगे की कार्ययोजना और सामाजिक संस्थाओं के साथ संभावित अभियानों पर विचार किया जाएगा.

बैठक में डॉ. मोहन भागवत के अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम के विदेश प्रवास के अनुभव साझा किए जाने की भी जानकारी दी गई है. इसके अलावा सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर तथ्यात्मक जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा आंदोलनों के देशहित में होने की आवश्यकता पर चर्चा का उल्लेख किया गया है.