स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में इंदौर को इस बार सामान्य शहरों की शीर्ष स्वच्छता रैंकिंग से अलग श्रेणी में रखा गया है. आठ बार लगातार देश का सबसे स्वच्छ शहर रह चुका इंदौर अब देपालपुर के साथ ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल में शामिल है. इस जोड़ी को देशभर में दूसरा स्थान मिला है.
केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इंदौर को स्वच्छता की पाठशाला बताया. उन्होंने शहर को ‘मोस्ट इंस्पायरिंग सिटी’ यानी सबसे प्रेरणादायी शहर की अलग श्रेणी में रखने की बात कही.
इस श्रेणी में अहमदाबाद और उसके सहयोगी शहर साणंद को पहला स्थान मिला, जबकि तिरुपति और कुप्पम की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही. नई पहल का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभव और व्यवस्थाओं को छोटे शहरों तक पहुंचाना है.
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नवी मुंबई ने देश के सबसे स्वच्छ शहर का शीर्ष स्थान हासिल किया. सूरत दूसरे और विजयवाड़ा तीसरे स्थान पर रहे. मध्य प्रदेश के रीवा को स्वच्छ नदी तट वाले शहरों की श्रेणी में पहला स्थान मिला, जबकि 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे स्थान पर रहा.
