मध्य प्रदेश कैबिनेट ने जबलपुर, भोपाल और इंदौर को जोड़ने वाले औद्योगिक कॉरिडोर के विकास को मंजूरी दी है. परियोजना के लिए राज्य सरकार एक विशेष प्रयोजन कंपनी गठित करेगी, जो कॉरिडोर और इससे जुड़े औद्योगिक-आर्थिक हबों के विकास का काम संभालेगी.
यह कॉरिडोर सात जिलों से होकर विकसित किया जाएगा. पहले चरण में करीब 10 हजार एकड़ क्षेत्र में तीन से पांच औद्योगिक हब बनाने की योजना है. सरकार को मार्च 2028 तक इन क्षेत्रों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश आने की संभावना है.
पूरी परियोजना के विकास के बाद अगले तीन वर्षों में करीब तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है. इससे छह लाख से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने का अनुमान है.
प्रस्तावित कॉरिडोर में जबलपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, भोपाल, सीहोर, देवास और इंदौर को शामिल किया गया है. सरकार के अनुसार, अलग-अलग क्षेत्रों में इंजीनियरिंग, रक्षा, खाद्य प्रसंस्करण, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और उन्नत विनिर्माण जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा. परियोजना से जुड़े विभागों के बीच समन्वय कर अधिसूचनाएं और अन्य वैधानिक दस्तावेज जारी किए जाएंगे.
