भोपाल. मध्य प्रदेश कैबिनेट ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास के लिए नई कंपनी बनाने को मंजूरी दी है. सरकार के अनुसार, यह कंपनी कॉरिडोर से जुड़े औद्योगिक विकास, निवेश और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का काम करेगी.
कंपनी का गठन उद्योग विभाग के माध्यम से किया जाएगा और इसका स्वामित्व राज्य सरकार के पास रहेगा. इसकी गवर्निंग काउंसिल की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे. परियोजना के शुरुआती क्रियान्वयन के लिए सरकार ने ₹100 करोड़ की राशि उपलब्ध कराने की जानकारी दी है.
किन क्षेत्रों पर फोकस
प्रस्तावित कॉरिडोर जबलपुर से शुरू होकर भोपाल के रास्ते इंदौर तक जाएगा. योजना के तहत एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जाएगी. जबलपुर, नरसिंहपुर और रायसेन समेत मार्ग से जुड़े क्षेत्रों में उद्योग और निवेश की संभावनाएं तलाशने की बात सामने आई है.
सरकार का लक्ष्य इस कॉरिडोर को परिवहन ढांचे के साथ-साथ आर्थिक विकास के केंद्र के रूप में विकसित करना है. प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों से विनिर्माण, कृषि-आधारित उद्योग, खनन, पर्यटन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है. रोजगार और निवेश के अंतिम लक्ष्य तथा विस्तृत जिला-वार योजना पर आगे की प्रक्रिया में फैसला होगा.
