मध्य प्रदेश सरकार जबलपुर, भोपाल और इंदौर को जोड़ने वाला करीब 600 किलोमीटर लंबा एकीकृत औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करेगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अनुसार, इस परियोजना के दायरे में सात जिले आएंगे और इसका उद्देश्य राज्य के पूर्वी, मध्य तथा पश्चिमी क्षेत्रों को औद्योगिक, कृषि, लॉजिस्टिक्स, तकनीक और सेवा क्षेत्र के नेटवर्क से जोड़ना है.
सरकार ने मार्च 2028 तक 10 हजार एकड़ औद्योगिक भूमि विकसित करने, ₹1 लाख करोड़ का निवेश आकर्षित करने और तीन लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने का लक्ष्य रखा है. परियोजना के लिए राज्य सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाली विशेष प्रयोजन कंपनी बनाई जाएगी, जिसमें शुरुआती तौर पर ₹100 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है.
भूमि चिन्हांकन और मास्टर प्लान तैयार करने का काम अगले तीन से छह महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है. इसके बाद छह से 12 महीनों में औद्योगिक क्षेत्रों और जरूरी बुनियादी ढांचे का विकास शुरू किया जाएगा.
योजना के तहत जबलपुर में इंजीनियरिंग, रक्षा विनिर्माण, एयरोस्पेस, खाद्य प्रसंस्करण और लॉजिस्टिक्स; भोपाल में आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और ज्ञान सेवाओं; नरसिंहपुर व रायसेन में कृषि प्रसंस्करण; सीहोर-देवास में वेयरहाउसिंग और विनिर्माण; तथा इंदौर में आईटी, उन्नत विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स पर जोर रहेगा.
