मध्य प्रदेश में जबलपुर-भोपाल-इंदौर औद्योगिक कॉरिडोर के विकास की तैयारी तेज हो गई है. राज्य सरकार ने कॉरिडोर के नियोजन, विकास और निगरानी के लिए गठित विशेष प्रयोजन साधन (SPV) के उपाध्यक्ष पद पर पूर्व IAS अधिकारी शैलेश के. पाठक की नियुक्ति की है. यह नियुक्ति तीन वर्ष के लिए बताई गई है.

SPV के अध्यक्ष मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे. शैलेश पाठक वर्तमान में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE), मुंबई में वरिष्ठ सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं. उनकी जिम्मेदारी कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों, निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के समन्वय में महत्वपूर्ण होगी.

सात जिलों में औद्योगिक विकास की योजना

प्रस्तावित कॉरिडोर के तहत जबलपुर, भोपाल और इंदौर के साथ नरसिंहपुर, रायसेन, सीहोर और देवास को भी जोड़े जाने की योजना है. इन क्षेत्रों में औद्योगिक और आर्थिक हब विकसित किए जाने हैं. योजना के तहत चार स्थानों पर औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है, जो करीब 10 हजार एकड़ क्षेत्र में होंगी.

सरकार ने इस परियोजना के लिए सरकारी स्वामित्व वाली विशेष कंपनी के गठन को मंजूरी दी है. इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा देना है.