मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह 9:15 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.5 थी और जमीन में करीब 3-4 सेकंड तक कंपन हुआ. खरगोन के अलावा भीकनगांव और आसपास के इलाकों में भी झटके महसूस किए गए.
अचानक कंपन होने से लोग घबरा गए और घरों से बाहर निकल आए. स्थानीय लोगों दीपक कानूनगो, प्रभुराम मालवी और बसंत सोनी ने बताया कि घर में कंपन महसूस होने के दौरान सोफा अपनी जगह से खिसक गया. इसके बाद वे परिवार के साथ बाहर आ गए.
सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में भी कंपन महसूस किया गया. एहतियात के तौर पर बच्चों को भवन से निकालकर मैदान में ले जाया गया. बाद में शिक्षकों ने उन्हें भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले बचाव उपायों की जानकारी दी.
खरगोन से करीब 23 किलोमीटर दूर था केंद्र
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप का केंद्र 21.590 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.552 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. यह स्थान खरगोन से करीब 23 किलोमीटर दूर और धामनोद से 69 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था. भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई.
खरगोन के एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने बताया कि जिले के कई इलाकों से कंपन महसूस होने की सूचना मिली है और प्रशासन जानकारी जुटा रहा है. उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है. लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.
