मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में बोत्सवाना से लाई गई मादा चीता KOMG 3 ने चार स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने 20 नवंबर को इसकी जानकारी दी. इस जन्म के साथ भारत में चीतों की कुल संख्या 62 हो गई है, जिनमें 43 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं.
ढाई साल की KOMG 3 भारत में शावकों को जन्म देने वाली बोत्सवाना मूल की पहली मादा चीता है. उसने चार महीने से अधिक समय तक जंगल में रहने के बाद प्राकृतिक परिस्थितियों में बच्चों को जन्म दिया. प्रोजेक्ट चीता शुरू होने के बाद जंगल में चीता के प्रजनन का यह दूसरा दर्ज मामला है.
इससे पहले 11 अप्रैल 2026 को KGP12 नाम की मादा चीता ने कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चार शावकों को जन्म दिया था. KGP12 भारत में जन्मी चीता है और उसकी मां दक्षिण अफ्रीकी चीता Gamini थी. वह मामला भारत में जन्मी दूसरी पीढ़ी की चीता के जंगल में सफलतापूर्वक प्रजनन का पहला उदाहरण था.
प्रोजेक्ट चीता का विस्तार
प्रोजेक्ट चीता 17 सितंबर 2022 को शुरू किया गया था. इसका उद्देश्य 1952 में भारत में विलुप्त घोषित किए गए इस वन्यजीव को फिर से देश में स्थापित करना है. सितंबर 2022 में नामीबिया से आठ चीते भारत लाए गए थे. इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते आए और 2026 में बोत्सवाना से नौ और चीते लाए गए.
कूनो राष्ट्रीय उद्यान इस कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र है. अधिकारियों के अनुसार, भारत में जन्मे चीतों की बढ़ती संख्या कार्यक्रम के तहत ऐसी आबादी तैयार होने का संकेत है, जो प्राकृतिक परिस्थितियों में प्रजनन और जीवित रहने में सक्षम हो.
