मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं. गृह विभाग ने 28 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में पांच जिलों के पुलिस अधीक्षकों समेत पुलिस मुख्यालय और विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न इकाइयों में नई पदस्थापनाएं की हैं.

अलीराजपुर के पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह को भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में उप पुलिस महानिरीक्षक (DIG) बनाया गया है. उनकी जगह उज्जैन आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के पुलिस अधीक्षक समर वर्मा को अलीराजपुर का नया SP नियुक्त किया गया है.

नर्मदापुरम में 32वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल, उज्जैन के सेनानी दीपक कुमार शुक्ला को SP बनाया गया है. वहां के तत्कालीन SP साईकृष्ण एस. थोथा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है.

बैतूल के SP वीरेंद्र जैन को भोपाल में यातायात पुलिस उपायुक्त बनाया गया है, जबकि अमित सक्सेना को बैतूल का नया SP नियुक्त किया गया. इंदौर साइबर पुलिस के SP सव्यसाची सराफ को पन्ना और भोपाल रेल पुलिस के SP अंकित जायसवाल को हरदा भेजा गया है. हरदा के SP शशांक को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है.