भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल करते हुए 23 भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं. आदेश में मंत्रालय स्तर के विभागों के साथ कई जिलों के कलेक्टरों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं.

सुखबीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है. उन्हें लोक निर्माण विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. रश्मि अरुण शमी को खाद्य विभाग से हटाकर लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है. उनके पास गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अतिरिक्त दायित्व भी रहेंगे.

11 जिलों में नई पदस्थापना

तबादला आदेश के अनुसार पन्ना, जबलपुर, रायसेन, सिंगरौली, शाजापुर, बालाघाट, हरदा, बुरहानपुर और मऊगंज समेत कई जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. पन्ना के लिए बुरहानपुर के कलेक्टर हर्ष सिंह को नियुक्त किया गया है, जबकि रायसेन की कमान रोहित सिसोनिया को दी गई है.

जबलपुर के पूर्व कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को कृषि विपणन बोर्ड का प्रबंध संचालक और मंडी आयुक्त बनाया गया है. संदीप केरकेट्टा को इंदौर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है.

फेरबदल में जनसंपर्क, स्वास्थ्य, कृषि, वाणिज्यिक कर, औद्योगिक नीति और जिला प्रशासन से जुड़े अतिरिक्त प्रभारों में भी बदलाव किया गया है.