मध्यप्रदेश राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (मप्र-सिया) की बैठक के बिना जारी हुईं 237 पर्यावरण मंजूरियों का मामला सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा है. केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने अपने जवाबी हलफनामे में कहा है कि पर्यावरण प्रभाव आकलन अधिसूचना, 2006 में ‘डीम्ड क्लीयरेंस’ का कोई प्रावधान नहीं है.

केंद्र के अनुसार, इन मामलों में राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (एसईएसी) ने मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कर ली थी, लेकिन मप्र-सिया की बैठक नहीं होने से अंतिम निर्णय नहीं हो सका. मंत्रालय का कहना है कि कानूनी रूप से इन सभी प्रकरणों को प्राधिकरण की औपचारिक बैठक में रखकर नए सिरे से निर्णय लिया जाना चाहिए.

समिति की रिपोर्ट में क्या सामने आया

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पर्यावरण मंत्रालय ने 2025 में अतिरिक्त सचिव डॉ. अमनदीप गर्ग की अध्यक्षता में एक तथ्य-खोज समिति गठित की थी. समिति की रिपोर्ट के अनुसार, मप्र-सिया की 83 दिनों तक बैठक नहीं हुई और इस अवधि में 237 ‘डीम्ड’ पर्यावरण मंजूरियां जारी हुईं.

इन 237 मामलों में 186 पर्यावरण मंजूरियां, 37 टर्म्स ऑफ रेफरेंस (टीओआर), 10 अस्वीकृतियां तथा ट्रांसफर या वैधता विस्तार के 4 मामले शामिल बताए गए हैं.

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि एसईएसी की भूमिका मूल्यांकन और सिफारिश तक सीमित है. अंतिम पर्यावरण मंजूरी देने का अधिकार राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण के पास है. केंद्र ने कहा है कि ईआईए अधिसूचना के तहत राज्य के अधिकारियों को अपने स्तर पर डीम्ड क्लीयरेंस जारी करने का अधिकार नहीं है.

मामले में सुप्रीम कोर्ट 13 अक्टूबर को सुनवाई करेगा.