मध्य प्रदेश राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (MP-SEIAA) में 83 दिनों तक बैठक नहीं होने के दौरान जारी 237 पर्यावरणीय मंजूरियों पर कानूनी सवाल उठे हैं. केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जवाबी हलफनामे में कहा है कि पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) अधिसूचना, 2006 में डीम्ड क्लियरेंस का कोई प्रावधान नहीं है.

मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होनी है. केंद्र के अनुसार, इन 237 मामलों में राज्य विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति (SEAC) अपना आकलन पूरा कर चुकी थी, लेकिन SEIAA की बैठक नहीं होने के कारण अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका. मंत्रालय ने कहा कि सभी मामलों को MP-SEIAA की औपचारिक बैठक में रखकर दोबारा निर्णय लेना कानूनी तौर पर उचित कदम होगा.

237 मामलों में क्या शामिल है

सुप्रीम कोर्ट में पेश फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक, इन मामलों में 186 पर्यावरणीय मंजूरियां, 37 टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR), 10 नामंजूरी और ट्रांसफर या वैधता विस्तार से जुड़े चार मामले शामिल हैं.

रिपोर्ट में कहा गया है कि SEAC या CEAC का काम परियोजनाओं का मूल्यांकन कर सिफारिश देना है. अंतिम पर्यावरणीय मंजूरी देने का अधिकार केवल SEIAA के पास है. रिपोर्ट के अनुसार, EIA अधिसूचना 2006 के तहत किसी राज्य प्राधिकरण या अधिकारी को डीम्ड क्लियरेंस जारी करने का अधिकार नहीं है.

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर पर्यावरण मंत्रालय ने 2025 में अतिरिक्त सचिव डॉ. अमनदीप गर्ग की अध्यक्षता में फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी बनाई थी. इसी जांच में 83 दिनों तक MP-SEIAA की बैठक न होने और इस अवधि में 237 डीम्ड पर्यावरणीय मंजूरियां जारी किए जाने की बात सामने आई.