मध्य प्रदेश में करीब दो दशक बाद सार्वजनिक बस परिवहन व्यवस्था नए रूप में शुरू होने जा रही है. मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ 25 सितंबर, शुक्रवार को भोपाल से किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 351 बसों को हरी झंडी दिखाएंगे.

पहले चरण में बसें इंदौर, भोपाल, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड से संचालित होंगी. इनमें 120 इंटरसिटी और 231 इंट्रासिटी बसें शामिल हैं. इंदौर से 145, भोपाल से 106 और जबलपुर से 67 बसें शुरू होंगी. रीवा में 18, देवास में 10, कटनी में तीन और भिंड में दो बसें चलेंगी.

यह सेवा निजी जन भागीदारी मॉडल पर संचालित की जाएगी. बसों की निगरानी कमांड-कंट्रोल सेंटर और Intelligent Transport Management System के जरिए की जाएगी. बसों में CCTV कैमरे, panic button और vehicle location tracking की सुविधा देने की योजना है.

सरकार ने पहले वर्ष में करीब 1,500 बसें संचालित करने और 2031 तक लगभग 15,000 बसों का नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा है. योजना के तहत गांवों, कस्बों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा.