भोपाल. मध्य प्रदेश के शहरी स्थानीय निकायों में डिजिटल खरीद की AI आधारित जांच के बाद 135 मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (सीएमओ) सहित 392 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. राज्य के नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे ने यह जानकारी दी.
विभाग के अनुसार, जांच में ई-नगर पालिका और Government e-Marketplace (GeM) के आंकड़ों का उपयोग किया गया. AI आधारित ऑडिट में खरीद से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
दुबे के मुताबिक, कई अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ वसूली की कार्रवाई की गई है. कुछ की वेतनवृद्धि रोकी गई, कुछ को पदावनत किया गया और कुछ मामलों में सेवा से बर्खास्तगी भी हुई है. विभाग ने कहा कि अनियमितताओं की पहचान और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है.
अप्रैल 2026 में भोपाल में शहरी निकाय अधिकारियों के एक प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान खरीद में असामान्यताओं का मुद्दा उठाया गया था. उस समय 146 अधिकारियों पर कार्रवाई शुरू होने, सात कर्मचारियों की बर्खास्तगी और करीब 4 करोड़ रुपये की वसूली की जानकारी दी गई थी. अधिकारियों के अनुसार, 80 से अधिक ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है.
