मध्य प्रदेश सरकार ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके तहत 25 नवंबर 2026 को भोपाल में राज्यस्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. सम्मेलन में प्रशासनिक अधिकारियों को जनसंख्या गणना के सफल और व्यवस्थित संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी.

जनगणना के दूसरे चरण में पहले 10 से 24 जनवरी 2027 तक ऑनलाइन स्व-गणना का प्रावधान है. इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या संबंधी जानकारी दर्ज करेंगे. जरूरत पड़ने पर 1 से 5 मार्च 2027 तक पुनरीक्षण चरण भी चलेगा.

मध्य प्रदेश में मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं. राज्य में जनगणना कार्य के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण की प्रक्रिया, क्षेत्रीय समन्वय और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार काम करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. यह जनगणना देश की पहली डिजिटल जनगणना के रूप में आयोजित की जा रही है.