मध्य प्रदेश में नवंबर के दूसरे सप्ताह में ठंड का असर तेज हो गया है. शनिवार रात राज्य के 19 शहरों और मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. अमरकंटक में पारा 10.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि इंदौर 11.2 डिग्री के साथ अमरकंटक के बाद राज्य का दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा.
कटनी के करौंदी में 11.3 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 11.7 डिग्री और पचमढ़ी में 11.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. दमोह में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, जबकि छिंदवाड़ा और रायसेन में 12.4 डिग्री रहा. नौगांव में 13 डिग्री, भोपाल और जबलपुर में 13.2 डिग्री तथा उज्जैन में 13.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश हो रही है. इसके आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं से मध्य प्रदेश में रात का तापमान और गिर सकता है. बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से 20 नवंबर के बाद राज्य में बारिश का एक और दौर आने की संभावना भी जताई गई है.
