मध्य प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने भोपाल, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर की चेतावनी जारी की है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.4 डिग्री कम रहा. दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन शाम के बाद ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ गई.

दमोह 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा. रीवा में 9.2 डिग्री और रायसेन में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. उमरिया, जबलपुर, इंदौर, गुना और ग्वालियर में भी रात का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे नीचे रहा.

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उमरिया में सुबह हल्की धुंध देखी गई. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है.