मध्य प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में सोशल मीडिया कंटेंट मॉडरेशन का काम करने वाली एक महिला ने बताया कि करीब ₹20 हजार मासिक वेतन वाली नौकरी में उसे रोजाना लगभग 1,500 तस्वीरों और वीडियो की जांच करनी पड़ती है. हर सामग्री पर निर्णय लेने के लिए औसतन 19 सेकंड का समय मिलता है. लगातार परेशान करने वाले कंटेंट के संपर्क में रहने के बाद उसे माइग्रेन, घबराहट और बुरे सपनों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा.

रिपोर्ट में महिला की पहचान बदलकर ‘सोनिया’ बताई गई है. उसके अनुसार, आंखें बंद करने पर भी बच्चों के शोषण से जुड़ी तस्वीरें याद आती रहती हैं. एक अन्य कर्मचारी, जिसकी पहचान ‘अनुज’ के रूप में दी गई है, ने कहा कि लंबे समय तक ऐसा कंटेंट देखने से उनकी संवेदनशीलता प्रभावित हुई और उन्हें परेशान करने वाले सपने आने लगे.

देश में करीब 70 हजार लोग इस काम में

रिपोर्ट में नास्कॉम के हवाले से कहा गया है कि 2021 तक भारत में करीब 70 हजार लोग कंटेंट मॉडरेशन से जुड़े थे. इनमें हर पांच में से लगभग चार कर्मचारी ग्रामीण या वंचित समुदायों से आते थे. महिलाओं की हिस्सेदारी आधी या उससे अधिक बताई गई है.

सोनिया के नियुक्ति पत्र और गोपनीयता समझौते की समीक्षा में कथित तौर पर मानसिक नुकसान की स्थिति में कर्मचारी को मिलने वाली सहायता का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिला. इससे ऐसे कर्मचारियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य सहायता, काम के बीच पर्याप्त विराम और रोजगार सुरक्षा की व्यवस्था पर सवाल उठते हैं.

क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट ऋषिका सिमरन मुखर्जी के अनुसार, लगातार भयावह सामग्री देखने से अवांछित यादें, चिड़चिड़ापन और नींद की समस्या हो सकती है. गंभीर मामलों में यह PTSD में बदल सकता है. लंबे समय तक तनाव, अकेलेपन और असहायता से आत्महत्या का जोखिम बढ़ने की आशंका भी उन्होंने जताई. नौकरी छोड़ने के बाद भी मानसिक आघात बना रह सकता है.

आउटसोर्सिंग से जवाबदेही का सवाल

सुप्रीम कोर्ट के वकील और साइबर कानून विशेषज्ञ विराग गुप्ता ने कहा कि कंटेंट मॉडरेटरों के अनुबंध मजबूत करने और विदेशी सोशल मीडिया कंपनियों की जवाबदेही तय करने की जरूरत है. रिपोर्ट के अनुसार, 2021 के आईटी नियमों के तहत विदेशी कंपनियों को भारत में शिकायत और नोडल अधिकारी नियुक्त करना होता है.

कोलंबिया यूनिवर्सिटी की विशेषज्ञ अनिका कॉलियर नवारोली ने कहा कि कई बार विदेश में मौजूद टीमें मॉडरेशन नियम बनाती हैं, जबकि भारत में आउटसोर्स एजेंसियां कर्मचारियों की भर्ती करती हैं. इस व्यवस्था में कर्मचारियों और मूल कंपनी के बीच सीधा रोजगार संबंध स्पष्ट नहीं रहता, जिससे नुकसान की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना कठिन हो सकता है.