चक्रवात अर्नब कमजोर पड़ने के बाद भी मध्य प्रदेश में उसका असर बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 30 अक्टूबर को अर्नब का अवशेष उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे लगे पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में मौजूद था. इसके चलते राज्य के कई जिलों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है.
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर और शहडोल में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
भोपाल, ग्वालियर और चंबल संभाग के कुछ जिलों में भी गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं का अनुमान है. जबलपुर, शहडोल और इंदौर संभाग के कुछ हिस्सों में अगले तीन से पांच दिनों तक हल्की या मध्यम बारिश जारी रह सकती है.
पिछले 24 घंटों में अनूपपुर में 59 मिलीमीटर और बैतूल में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन खुले में रखी फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है.
