मध्य प्रदेश में आबादी क्षेत्र की जमीन पर काबिज 50 लाख से अधिक ग्रामीण हितग्राहियों को मुफ्त रजिस्ट्री और स्वामित्व अधिकार अभिलेख देने का अभियान 17 सितंबर से शुरू होना है. इसके तहत पात्र लोगों से स्टाम्प शुल्क और पंजीयन से जुड़े खर्च नहीं लिए जाएंगे.

अभियान शुरू होने से पहले पटवारियों ने रजिस्ट्री प्रक्रिया में अपनी भूमिका पर आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि ड्रोन सर्वे या आबादी रिकॉर्ड में गलती होने पर भविष्य में कानूनी विवाद की स्थिति में उन्हें जिम्मेदार ठहराया जा सकता है. कुछ जिलों में पटवारी संघों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर कार्य से विरत रहने की चेतावनी भी दी है.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को पटवारियों की आशंकाएं दूर करने के निर्देश दिए हैं. सरकार की ओर से भरोसा दिया गया है कि योजना के तहत काम करने वाले पटवारियों को अनावश्यक कानूनी कार्रवाई में नहीं उलझाया जाएगा.

रजिस्ट्री का काम तेजी से पूरा करने के लिए तहसीलदारों के अलावा राजस्व निरीक्षक, पंचायत समन्वय अधिकारियों और अन्य अधिकृत अधिकारियों को भी सब-रजिस्ट्रार के अधिकार दिए गए हैं. अभियान के लिए 68.47 लाख भूखंडों का सर्वे रिकॉर्ड तैयार होने की जानकारी दी गई है.