मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी इसी सप्ताह शुरू होने की संभावना है. इसकी शुरुआत उज्जैन और ग्वालियर संभाग से हो सकती है. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अब कमजोर पड़ रही हैं और कई हिस्सों में धूप निकलने लगेगी.

बुधवार, 30 सितंबर को राज्य के 19 जिलों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. इसके बाद बारिश का दायरा और कम होने का अनुमान है. 1 और 2 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना कम बताई गई है.

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 3 अक्टूबर के बाद मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून की वापसी तय करने के लिए लगातार कई दिनों तक बारिश में कमी, निचले स्तर पर प्रतिचक्रवाती परिसंचरण और वातावरण में नमी घटने जैसे संकेत देखे जाते हैं. इसलिए संभागवार वापसी का अनुमान मौसम की इन स्थितियों पर आधारित है.