मध्यप्रदेश की रिक्त राज्यसभा सीट के लिए भाजपा चार से पांच संभावित नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजेगी. भोपाल में मुख्यमंत्री निवास पर हुई प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश के साथ-साथ बाहर के नेताओं के नामों पर भी चर्चा हुई. अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अनुसार, संभावित नामों में केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी और तमिलनाडु भाजपा की पूर्व विधायक वनथी श्रीनिवासन की चर्चा है. प्रदेश के नेताओं में पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया, राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक आशीष अग्रवाल, पूर्व उपाध्यक्ष विनोद गोटिया, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बरुआ और पूर्व मंत्री रंजना बघेल के नाम सामने आए हैं. पार्टी ने अब तक किसी उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है.
यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है. चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर है. नाम वापसी 5 नवंबर तक होगी और 12 नवंबर को मतदान के साथ परिणाम घोषित किया जाएगा.
बैठक में भाजपा ने भोपाल, इंदौर और जबलपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी रैलियां आयोजित करने की योजना पर भी चर्चा की. पार्टी ने इन कार्यक्रमों में करीब एक लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है. यूसीसी, बिरसा मुंडा जयंती कार्यक्रम और सरकार के तीन साल के कामकाज को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार हुआ.
