मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत सार्वजनिक बस नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है. पहले चरण में सात शहरों से 351 बसों का संचालन शुरू हुआ है. इनमें इंदौर से 145, भोपाल से 106 और जबलपुर से 67 बसें शामिल हैं. रीवा, देवास, कटनी और भिंड से भी बसें चलाई जा रही हैं.
योजना के तहत वर्ष 2031 तक प्रदेश में 15 हजार बसें संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है. शुरुआती वर्ष में करीब 1,500 बसें चलाने और इसके बाद हर साल 2,500 से 3,000 बसें जोड़ने की योजना है. सेवा का संचालन सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर किया जा रहा है.
कमांड-कंट्रोल सेंटर से निगरानी
बसों के संचालन, लोकेशन और समयबद्धता की रियल-टाइम निगरानी के लिए मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड तथा उसकी सात सहायक कंपनियों में कमांड-कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए हैं. इसके लिए इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा.
सरकार का लक्ष्य इस सेवा के जरिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बढ़ाना तथा प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक बस सेवा का विस्तार करना है.
