भोपाल. मध्य प्रदेश सरकार जनजातीय कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय ज्ञान को संरक्षण के साथ आजीविका से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के अनुसार, डिंडोरी की प्रसिद्ध गोंड पेंटिंग को Geographical Indication (GI) टैग मिल चुका है.
राज्य सरकार ने सात अन्य जनजातीय उत्पादों और कला रूपों के लिए भी GI टैग के आवेदन किए हैं. इनमें भील समुदाय की गलशन माला, बोलनी, पिथौरा चित्रशैली, झाबुआ की आदिवासी गुड़िया, गोंड समुदाय के पारंपरिक वाद्ययंत्र बाना और चिकारा तथा मुखौटा-काष्ठ शिल्प शामिल हैं. सरकार इन उत्पादों को मार्च 2027 तक GI मान्यता दिलाने का प्रयास कर रही है.
तीन पर्यटन स्थलों पर ट्राइबल कैफेटेरिया
जनजातीय महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए मांडू, कान्हा-किसली और पेंच में ट्राइबल कैफेटेरिया विकसित किए जा रहे हैं. इनका संचालन केवल जनजातीय महिलाएं करेंगी और यहां पर्यटकों को पारंपरिक व्यंजन तथा खान-पान संस्कृति से परिचित कराया जाएगा.
सरकार जनजातीय उपचार पद्धतियों से जुड़े पारंपरिक ज्ञान को भी दर्ज कर रही है. जनजातीय शोध एवं अनुसंधान संस्थान अब तक करीब 200 ट्राइबल हीलर्स की पहचान कर चुका है.
