मध्य प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरी के अभ्यर्थियों और कर्मचारियों पर लागू दो-बच्चे की शर्त हटाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में 18 नवंबर 2026 को मंदसौर जिले के गांधी सागर में हुई विशेष कैबिनेट बैठक में संबंधित सेवा नियमों में संशोधन को मंजूरी दी गई.
इस निर्णय के बाद दो से अधिक जीवित संतान वाले उम्मीदवारों को सरकारी भर्ती से अयोग्य नहीं माना जाएगा. पहले 26 जनवरी 2001 या उसके बाद तीसरी संतान होने पर सरकारी सेवा के लिए पात्रता प्रभावित होती थी.
कैबिनेट ने मध्य प्रदेश सिविल सेवा (सेवा की सामान्य शर्तें) नियम, 1961 के नियम 6 के उपनियम (6) को हटाने और मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 में मौजूद संबंधित प्रावधान को समाप्त करने का फैसला किया है. इन प्रावधानों के तहत दो से अधिक बच्चों को सरकारी कर्मचारी के लिए कदाचार माना जाता था और अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती थी.
सिर्फ दो से अधिक संतान होने के आधार पर चल रही अनुशासनात्मक कार्यवाहियां समाप्त की जाएंगी. हालांकि, जिन मामलों में सक्षम प्राधिकारी पहले ही अंतिम दंडादेश जारी कर चुका है, उन्हें दोबारा नहीं खोला जाएगा. यह नियम करीब 25 वर्षों से लागू था.
