मध्य प्रदेश सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए अगले तीन वर्षों में ₹5,000 करोड़ खर्च करने का लक्ष्य रखा है. यह प्रावधान प्रस्तावित द्वारकानगर योजना के तहत किया गया है, जिसका उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों में वार्ड स्तर के विकास कार्यों को गति देना है.
योजना के तहत शहरों में मास्टर प्लान की सड़कों, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कामों पर ध्यान दिया जाएगा. बजट दस्तावेजों के अनुसार, 2026-27 में शहरी विकास क्षेत्र के लिए कुल ₹13,178 करोड़ का प्रावधान है.
भोपाल और इंदौर को 16वें वित्त आयोग की अवधि 2026-31 के दौरान अपशिष्ट जल प्रबंधन के लिए विशेष बुनियादी ढांचा अनुदान की पात्रता भी है. इस मद में प्रत्येक शहर को अधिकतम ₹5,000 करोड़ तक का अनुदान मिल सकता है. यह राशि पात्रता और स्वीकृत परियोजनाओं के आधार पर उपलब्ध होगी, इसे तत्काल जारी किया गया फंड नहीं माना जा सकता.
बजट में शहरी आवास, AMRUT 2.0 और स्थानीय निकायों को बुनियादी नागरिक सेवाओं के लिए भी अलग प्रावधान किए गए हैं. इन योजनाओं के क्रियान्वयन से भोपाल और इंदौर में जल निकासी, पेयजल तथा सीवरेज नेटवर्क से जुड़े कामों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
