मध्यप्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. इंदौर में 12.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जो पचमढ़ी के 12.6 डिग्री से कम रहा.
प्रदेश में सबसे ठंडी रात कटनी जिले के करौंदी में रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहडोल के कल्याणपुर में 12.4, रायसेन और पचमढ़ी में 12.6, जबकि भोपाल और अमरकंटक में 13.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ.
अगले दिनों में और गिर सकता है पारा
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके बाद मध्यप्रदेश में ठंडी उत्तरी हवाओं का असर बढ़ने की संभावना है. अगले तीन दिनों में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक गिर सकता है.
फिलहाल 8 नवंबर को प्रदेश में बारिश या आंधी का कोई चेतावनी संकेत जारी नहीं किया गया है. दिन में धूप निकलने से राहत बनी रह सकती है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने के आसार हैं.
