मध्य प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने लगी है. प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. इंदौर में रात का पारा 11.1 डिग्री और भोपाल में 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया.

प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. दमोह में 11 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 11.4 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 11.6 डिग्री तापमान रहा. जबलपुर, रायसेन और उमरिया में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अगले दिनों में और गिरावट का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है. उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी और वहां से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश पर पड़ने की संभावना है.

13 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र ने 13 से 17 नवंबर तक पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है.