मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों के दौरान रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

4 नवंबर को सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी और अनूपपुर में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा की संभावना जताई गई है. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत कई शहरों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है.

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 5 से 8 नवंबर तक मध्य प्रदेश में किसी बड़े बारिश या आंधी-तूफान की चेतावनी नहीं है. इससे 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दीपावली के दौरान बाजारों और बाहरी गतिविधियों पर बारिश का असर पड़ने की आशंका कम है.

तापमान में गिरावट के संकेत

हाल के न्यूनतम तापमान में पचमढ़ी 13.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा. भोपाल में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री और मंडला में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है, जिसका असर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में अधिक हो सकता है.