मध्य प्रदेश में दीपावली के बाद रात की ठंड बढ़ने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. इससे प्रदेश के कई शहरों में रात का पारा 10 से 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.

फिलहाल राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है. अगले चार दिनों के दौरान आंधी या बारिश की संभावना नहीं है. दिन में धूप रहने से अधिकतम तापमान में बहुत बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है, लेकिन सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है.

हालिया रिकॉर्ड के अनुसार, इंदौर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. शहडोल के कल्याणपुर और दमोह में 12.2 डिग्री, शाजापुर के गिरवर में 12.6 डिग्री तथा उमरिया में 12.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. भोपाल और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

ग्वालियर-चंबल संभाग में उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में अपेक्षाकृत ज्यादा गिरावट हो सकती है. नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का असर और बढ़ने का अनुमान है.