मध्य प्रदेश में धनतेरस और दीपावली के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 5 से 8 नवंबर तक प्रदेश के किसी भी जिले में आंधी या बारिश का अलर्ट नहीं है. ऐसे में त्योहारों की खरीदारी और अन्य तैयारियों के दौरान मौसम बाधा नहीं बनेगा.

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप निकलने की संभावना है. हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है.

मौसम केंद्र भोपाल के 6 से 12 नवंबर के पूर्वानुमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश सामान्य रहने और अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना जताई गई है. न्यूनतम तापमान भी अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग के मुताबिक नवंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है. ग्वालियर-चंबल संभाग समेत कुछ क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट अपेक्षाकृत अधिक महसूस होने की संभावना है. इससे पहले 2 से 5 नवंबर के दौरान मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का दौर देखा गया था, लेकिन 5 नवंबर के बाद मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है.